बाइक ड्राइव करते समय अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट लगाएं एएसपी हरीराम कुमावत
By Goapl Gupta ·
23 Jul 2026 ·
9 views
बाइक ड्राइव करते समय अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट लगाएं एएसपी हरीराम कुमावत
संजय चौहान रूपवास भरतपुर
रूपवास कस्बे के थाना परिसर में बुधवार को सीएलजी सदस्यों की बैठक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीराम कुमावत के मुख्य आतिथ्य और थानाधिकारी विनोद मीणा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वृताधिकारी रोहित श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए एएसपी हरीराम कुमावत ने कहा कि सभी सीएलजी सदस्य अपने क्षेत्र में नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले बच्चों पर नजर रखें और उन्हें नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि अगर कोई युवक सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के फोटो डालता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि इनसे होने वाली बड़ी घटनाओं को रोका जा सके।
एएसपी ने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वे घर से निकलते ही हेलमेट का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि हेलमेट चालान से बचने का साधन नहीं है, बल्कि यह आपके बहुमूल्य जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। वहीं वृताधिकारी रोहित श्रीवास्तव ने बच्चों को सोशल मीडिया से दूरी बनाने और साइबर फ्रॉड से बचने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वे अपने बच्चों और बुजुर्गों के मोबाइल में 'राजकोप सिटीजन ऐप' डाउनलोड कराएं, ताकि जरूरत पड़ने पर समय पर पुलिस की मदद मिल सके।
इस दौरान सीएलजी सदस्यों ने रूपवास कस्बे में नगरपालिका द्वारा लगवाए गए सीसीटीवी कैमरों को ठीक करवाने, रेलवे फाटक के पास जगनेर मार्ग से अतिक्रमण हटवाने और नगरपालिका के बिजली के पोलों में आ रही करंट की समस्या का समाधान करने की मांग रखी। एवं कॉलोनीयों में खराब पड़ी लाइटों को सही करबाने की बात कही.एएसपी हरीराम कुमावत ने तुरंत प्रशाशक एस डी एम से फोन पर बात करके सभी जनसमस्याओं से अवगत कराकर सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने का आश्वासन दिया। पूर्व सरपंच राकेश भातरा, राहुल,अजय,सतीश,नेमीचंद, मनोज कुलश्रेष्ठ,रवि फौजदार, मनीषकुमार सहित कई लोग मौजूद थे।