भारतीय मजदूर संघ ने मनाया 72वां स्थापना दिवस श्रमिक हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी : गोपाल शर्मा
By Goapl Gupta ·
23 Jul 2026 ·
18 views
भारतीय मजदूर संघ ने मनाया 72वां स्थापना दिवस
श्रमिक हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी : गोपाल शर्मा
हर गांव तक पहुंचे भारतीय मजदूर संघ : हरिमोहन शर्मा
जयपुर। भारतीय मजदूर संघ के 72वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को सरदार पटेल मार्ग, सी स्कीम में स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में राष्ट्रहित, श्रमिक कल्याण और संगठन विस्तार का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा मुख्य अतिथि, अध्यक्षता बीएमएस के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री हरिमोहन शर्मा तथा भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व राष्ट्रीय वित्त सचिव एसके राठौर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता एसके राठौर ने भारतीय मजदूर संघ की गौरवशाली यात्रा, विचारधारा और संगठनात्मक कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 23 जुलाई, 1955 को दत्तोपंत ठेंगड़ी द्वारा स्थापित भारतीय मजदूर संघ आज विश्व का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बन चुका है। इसकी सबसे बड़ी शक्ति राष्ट्रहित के प्रति समर्पित और निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले कार्यकर्ता हैं। मुख्य अतिथि विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ केवल श्रमिकों के अधिकारों का संगठन नहीं, बल्कि कर्मठता, कौशल और कर्तव्यभाव के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का महामंत्र है। उन्होंने कहा कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की प्रेरणा से दत्तोपंत ठेंगड़ी द्वारा स्थापित राष्ट्रवादी विचारधारा आज समाज और राष्ट्र निर्माण की सशक्त आधारशिला बन चुकी है। विधायक शर्मा ने जयपुर की प्रमुख औद्योगिक एवं सार्वजनिक संस्थाओं जयपुर मेटल्स एंड इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (JMEL), नेशनल बियरिंग कंपनी (NBC) तथा राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) में श्रमिक हितों की लगातार हो रही अनदेखी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना चाहिए। भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री हरिमोहन शर्मा ने संगठन विस्तार का आह्वान करते हुए कहा कि अब भारतीय मजदूर संघ को गांव-गांव तक मजबूत करने का समय है। इसके लिए तहसील स्तर पर नए कार्यकर्ताओं को तैयार कर प्रत्येक गांव में संगठन की इकाइयों का गठन किया जाए। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी अक्षय कुमार मीणा ने किया तथा अंत में जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह गुर्जर ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। स्थापना दिवस के अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय असंगठित क्षेत्र के प्रभारी जयंतीलाल, जिला मंत्री महेंद्र सैनी, वित्त सचिव विकास तिवारी, यतेंद्र कुमार, एनबीसी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष राकेश गुर्जर सहित भारतीय मजदूर संघ एवं उससे संबद्ध विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।