ShubhBhaskar
JANTANTRAKI AWAZ
E Paper

जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा नीमकाथाना, 21 फीट ऊंचे रथ पर विराजे भगवान; रस्सी खींचने को उमड़ा जनसैलाब*

By Goapl Gupta · 25 Jul 2026 · 30 views
*जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा नीमकाथाना, 21 फीट ऊंचे रथ पर विराजे भगवान; रस्सी खींचने को उमड़ा जनसैलाब*
रिपोर्टर (शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज, राजस्थान
नीमकाथाना। भगवान श्रीजगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्रा शुक्रवार को नीमकाथाना में श्रद्धा, भक्ति और सनातन परंपरा के अनुपम संगम के साथ निकाली गई। जय जगन्नाथ के गगनभेदी जयकारों, हरिनाम संकीर्तन और भजन-कीर्तन से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। भगवान के रथ के दर्शन और उसकी रस्सी खींचने का सौभाग्य प्राप्त करने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह देखते ही बन रहा था।
अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) परिवार के तत्वावधान में आयोजित रथयात्रा संकटमोचन बालाजी मंदिर से प्रारंभ होकर श्याम मंदिर रोड, भूदोली रोड, खेतड़ी मोड़, कपिल हॉस्पिटल, कपिल मंडी, सुभाष मंडी सहित प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः इस्कॉन सेंटर पहुंची। नगर भ्रमण के दौरान भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा अलग-अलग सुसज्जित रथों पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देते रहे।
रथयात्रा से पूर्व परंपरा के अनुसार मार्ग को बुहारी से साफ किया गया तथा सुगंधित एवं चंदन मिश्रित जल का छिड़काव कर भगवान का स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर आरती उतारी और नगर की सुख-समृद्धि की कामना की। बिजली के तारों और ऊंचे द्वारों के नीचे से गुजरते भव्य रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस जाप्ता भी तैनात रहा।
भगवान श्रीजगन्नाथ को नवीन पोशाक अर्पित कर छप्पन भोग की मनमोहक झांकी सजाई गई। प्राकृतिक फूलों से सजे 21 फीट ऊंचे रथ ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, गायत्री परिवार, अग्रवाल समाज, भामाशाहों और समाजसेवियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा, शीतल जल, फल एवं प्रसाद वितरण कर रथयात्रा का स्वागत किया।
भागवत कथा का हुआ भव्य समापन
रथयात्रा से पूर्व 18 से 23 जुलाई तक अग्रवाल भवन, पुराना बाजार में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का शुक्रवार को समापन हुआ। कथा का वाचन शास्त्री स्वरूप दास महाराज (हनुमानगढ़) ने किया, जबकि कथा के यजमान अजय अग्रवाल (दाल मिल वाले) रहे। समापन अवसर पर कथावाचक ने श्रद्धालुओं को नशे एवं अन्य विकारों से दूर रहकर सनातन संस्कृति के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को फल एवं मिठाई का प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजकों ने गण गण मान्य नागरिकों एवं पत्रकारों का दुपट्टा उड़ाकर सम्मान भी किया हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद। रथ यात्रा के समापन के बाद अग्रवाल भवन पुराना बाजार में विशाल महापात्र का आयोजन किया यजमान अजय अग्रवाल और इस्कॉन वैष्णव भक्तों के सहयोग से आयोजित इस महाप्रसाद में हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की महिलाओं युवाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।
*अग्रसेन चौक पर हुआ भव्य स्वागत*
रथ यात्रा जब अग्रसेन चौक पहुंची तो अग्रवाल समाज अग्रवाल समिति की महिलाओं और क्षेत्र वासियों ने भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य अगवानी करते हुए पुष्प वर्षा की। श्रद्धालुओं ने हरी नाम संकीर्तन के साथ भगवान का स्वागत किया और पूरे वातावरण को भक्ति मय बना दिया।
रथ यात्रा के सफल आयोजन में एक बार फिर यह संदेश दिया कि नीम का थाना की सनातन परंपरा सामाजिक समरसता और धार्मिक आस्था निरंतर मजबूत हो रही है।जय घोष ,भजन कीर्तन सेवा, महाप्रसाद और जन सहभागिता के बीच संपन्न हुई है रथ यात्रा नगर वासियों के लिए अविस्मरणीय आध्यात्मिक उत्सव बन गई।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube