ShubhBhaskar
JANTANTRAKI AWAZ
E Paper

आधुनिक शिक्षा और मजबूत आधारभूत सुविधाओं को मिला नया आयाम

By Goapl Gupta · 25 Jul 2026 · 9 views
आधुनिक शिक्षा और मजबूत आधारभूत सुविधाओं को मिला नया आयाम

जयपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र के खातीपुरा में विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए विधायक गोपाल शर्मा ने शनिवार को लगभग 81 लाख रुपए की लागत से पूर्ण हुई विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं का लोकार्पण किया। शिक्षा एवं आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालयी सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ नई सड़कों और फुटपाथों को भी क्षेत्रवासियों को समर्पित किया गया। कार्यक्रम के दौरान धापू देवी छाजूराम जाट राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जगन्नाथपुरा में 21 लाख की लागत से निर्मित चार नए कक्षा-कक्ष एवं सुविधागृह तथा स्मार्ट क्लास रूम का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त 60 लाख रुपए की लागत से परिवहन नगर एवं जय भवानी नगर में निर्मित सीसी सड़क एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स फुटपाथ भी जनता को समर्पित किए गए।
इस अवसर पर विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि विकसित सिविल लाइंस का सपना तभी साकार होगा, जब शिक्षा और आधारभूत सुविधाएं समान रूप से मजबूत हों। आधुनिक तकनीक से युक्त राजकीय विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराएंगे, जबकि सुदृढ़ सड़क एवं फुटपाथ नागरिकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और जीवन स्तर को बेहतर बनाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दूरदर्शिता के साथ क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, पेयजल, सीवरेज, पार्क और अन्य नागरिक सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक क्षेत्रवासी को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। कार्यक्रम में पार्षद चेयरमैन हेमेंद्र शर्मा, पार्षद प्रत्याशी सुखदेव गुप्ता, विद्यालय की प्राचार्य विनीता पाराशर, मंडल अध्यक्ष पवन सैनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश गुर्जर, महामंत्री करण सिंह, सिविल लाइन मंडल महामंत्री प्रवीण शर्मा ,रामनिवास चोपड़ा, डॉ. रामचंद्र, राम सिंह, कंवरलाल चौधरी, भंवरलाल चौधरी, अमित चौपड़ा, बृजमोहन यादव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, समाज के प्रबुद्धजन, पार्टी कार्यकर्ता, क्षेत्रवासी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube