कड़कड़ाती ठंड में भी देशभर से आए चौथ-माता के भक्त:चौथ का बरवाड़ा में मेला शुरू, जगह-जगह भंडारे का आयोजन
By Goapl Gupta ·
06 Jan 2026 ·
15 views
कड़कड़ाती ठंड में भी देशभर से आए चौथ-माता के भक्त:चौथ का बरवाड़ा में मेला शुरू, जगह-जगह भंडारे का आयोजन
सवाई माधोपुर
चौथ का बरवाड़ा कस्बे में सोमवार से चौथ माता का सात दिवसीय मेला शुरू हो गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पैदल यात्री मां चौथ भवानी के दरबार में पहुंच रहे हैं। सबसे ज्यादा हाडौती क्षेत्र से भक्त आ रहे हैं।
इसके कारण सबसे अधिक भीड़ चौरू चौथ का बरवाड़ा मार्ग पर लगी हुई है। जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान नाचते गाते भक्त चौथ भवानी के दरबार में पहुंच रहे हैं। मंगलवार को संकट चतुर्थी के व्रत पर मुख्य मेला लगेगा, जिसमें ढाई लाख से अधिक भक्तों के आने की संभावना है।
कल भरेगा मुख्य मेला
सोमवार को मेला शुरू होने के साथ ही तेज सर्दी के बावजूद पैदल यात्रियों का पहुंचना शुरू हो गया। घने कोहरे एवं सर्दी के बीच माता के जयकारा लगाते हुए हजारों की संख्या में भक्तों ने माता के जयकारे लगाए। भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है।
करीब चार जिलों के 1200 से अधिक जवान सुरक्षा व्यवस्था में लगे हुए हैं। साथ ही 16 सर्किल इंस्पेक्टर, सात डीएसपी, दो एएसपी के साथ-साथ एसपी अनिल कुमार लगातार निगरानी कर रहे हैं। माता मंदिर में आने वाले भक्तों के लिए चौरू मार्ग पर नलिनी फाउंडेशन की ओर से भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें फाउंडेशन के अध्यक्ष राधा गोविंद माथुर खुद भक्तों को प्रसादी दे रहे हैं।
चौथ माता मंदिर ट्रस्ट के मंत्री श्रीदास सिंह ने बताया कि मंगलवार को संकट चतुर्थी का व्रत रहेगा। ऐसे में भीड़ की अधिकता को देखते हुए ट्रस्ट ने भी अपने निजी खर्चे पर 100 से अधिक जवान तैनात किए हैं। साथ ही जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही है। मेले को देखते हुए रेलवे द्वारा चौथ का बरवाड़ा रेलवे स्टेशन पर सभी ट्रेनों का दो-दो मिनट का स्टॉपेज अस्थाई तौर पर किया गया है। मेले में लोग भक्ति के रंग में रंगे हुए नजर आ रहे हैं।