राजकीय कन्या महाविद्यालय विद्याधर नगर में एनएसएस के सात विशेष शिविर का द्वितीय दिवस उत्साहपूर्वक सम्पन्न*
By Goapl Gupta ·
13 Jan 2026 ·
106 views
*राजकीय कन्या महाविद्यालय विद्याधर नगर में एनएसएस के सात विशेष शिविर का द्वितीय दिवस उत्साहपूर्वक सम्पन्न*
राजकीय कन्या महाविद्यालय विद्याधर नगर, जयपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम एवं द्वितीय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत आज द्वितीय दिवस विभिन्न रचनात्मक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों के साथ सम्पन्न हुआ।
शिविर के द्वितीय दिवस के प्रथम सत्र की शुरुआत वंदना एवं एनएसएस लक्ष्य गीत तथा “हम होंगे कामयाब” गीत के सामूहिक गायन के साथ हुई। इसके पश्चात योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समस्त स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझा।
द्वितीय सत्र में मोटिवेशनल लेक्चर का आयोजन किया गया। साथ ही राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे साप्ताहिक कार्यक्रमों के अंतर्गत युवाओं के लिए स्वामी विवेकानंद जी के विचारों पर व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेविकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।
उल्लेखनीय है कि कल 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया गया था, जिसमें 2 किलोमीटर की दौड़ में स्वयंसेविकाओं ने सहभागिता की। इस दौरान स्वदेशी अपनाने एवं आत्मनिर्भर भारत के संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया तथा प्रेरक भाषणों के माध्यम से स्वयंसेविकाओं को जागरूक किया गया।
आज के अंतिम सत्र में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी श्री वीरेंद्र वर्मा ने राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी स्वयंसेविकाओं को प्रदान की। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वितीय की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती पंकज कुमारी ने स्वयंसेविकाओं को आगामी दिवस में होने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
इसी अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका त्रिपाठी ने स्वयंसेविकाओं को प्रेरक संबोधन प्रदान किया, जिसमें उन्होंने भविष्य में आने वाली चुनौतियों का डटकर सामना करने, आत्मविश्वास एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
दिन का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। प्रतिदिन की भांति आज भी स्वयंसेविकाओं द्वारा स्वयं भोजन तैयार कर सामूहिक रूप से भोजन किया गया, जिससे उनमें आत्मनिर्भरता एवं सहयोग की भावना का विकास हुआ।
इस प्रकार एनएसएस विशेष शिविर का द्वितीय दिवस अनुशासन, सेवा, प्रेरणा एवं राष्ट्रीय चेतना से ओत-प्रोत वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।