एनएसएस सात दिवसीय विशेष शिविर का तृतीय दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न*
By Goapl Gupta ·
14 Jan 2026 ·
35 views
*एनएसएस सात दिवसीय विशेष शिविर का तृतीय दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न*
जयपुर। राजकीय कन्या महाविद्यालय विद्याधर नगर, जयपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम एवं द्वितीय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का तृतीय दिवस आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर के तीसरे दिन विविध शैक्षणिक, जागरूकता एवं मनोरंजनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रथम सत्र की शुरुआत प्रतिदिन की भांति सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके पश्चात सभी स्वयंसेविकाओं ने एक स्वर में राष्ट्रीय सेवा योजना का लक्ष्य गीत तथा “हम होंगे कामयाब” गीत का गायन किया। तत्पश्चात छात्राओं द्वारा नियमित योगाभ्यास किया गया, जिससे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर बल दिया गया।
द्वितीय सत्र में रोड सेफ्टी विषय पर एक महत्वपूर्ण व्याख्यान आयोजित किया गया। इस सत्र में छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही स्वयंसेविकाओं को समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। इसी सत्र में राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे साप्ताहिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद जी के प्रेरणादायी कथनों का वाचन स्वयंसेविकाओं द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त कविता पाठ, निबंध वाचन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्राओं ने अपने विचारों की प्रभावी अभिव्यक्ति की।
तृतीय सत्र में मनोरंजन एवं टीम भावना को बढ़ावा देने हेतु इंडोर गेम्स जैसे लूडो, म्यूजिकल चेयर, शतरंज एवं कैरम आदि खेलों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों ने छात्राओं में आपसी सहयोग, अनुशासन एवं खेल भावना को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिदिन की भांति स्वयंसेविकाओं द्वारा सामूहिक रूप से भोजन तैयार किया गया एवं सभी ने मिलकर भोजन ग्रहण किया।
यह सात दिवसीय विशेष शिविर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम के अधिकारी श्री वीरेंद्र वर्मा तथा इकाई द्वितीय की अधिकारी श्रीमती पंकज कुमारी के कुशल निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य छात्राओं में सेवा भावना, अनुशासन, सामाजिक जागरूकता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।