वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा महिमा नर्सरी का शैक्षणिक भ्रमण
By Goapl Gupta ·
16 Jan 2026 ·
14 views
वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा महिमा नर्सरी का शैक्षणिक भ्रमण
उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल।
गुरु नानक स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा बी.एससी. पंचम सेमेस्टर की छात्राओं का लोसिंग गांव स्थित महिमा नर्सरी में शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस शैक्षणिक यात्रा का उद्देश्य छात्राओं को पौधों के संरक्षण-संवर्धन, नर्सरी प्रबंधन एवं पर्यावरणीय संतुलन से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था।
वनस्पति विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. अलका जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि नर्सरी के विशेषज्ञ श्री जे.पी. श्रीमाली ने छात्राओं को विभिन्न प्रकार के फलदार, सजावटी, वनीय एवं औषधीय पौधों के साथ-साथ लुप्तप्राय प्रजातियों, ग्रह-नक्षत्र एवं राशि से संबंधित पौधों, सब्जियों की पौध तथा नेपियर घास के विषय में विस्तार से जानकारी दी। इसके अतिरिक्त बीज अंकुरण, पौधों की कलम विधि, जैविक खाद का उत्पादन एवं उपयोग, वर्षा जल संचयन तथा सिंचाई प्रणालियों के बारे में भी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने विभिन्न प्रकार की तितलियों एवं उनके मेजबान पौधों का अवलोकन भी किया, जिससे जैव विविधता की समझ और अधिक सुदृढ़ हुई। इस शैक्षणिक भ्रमण से छात्राओं में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझने का अवसर मिला।
यह शैक्षणिक भ्रमण डॉ. मीनल कोठारी एवं कामना गदिया के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।