राष्ट्रीय बालिका दिवस पर राजसमंद में विधिक जागरूकता की मजबूत पहल, 8 स्थानों पर लगे बाल विवाह रोकथाम के शिविर
By Goapl Gupta ·
24 Jan 2026 ·
20 views
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर राजसमंद में विधिक जागरूकता की मजबूत पहल, 8 स्थानों पर लगे बाल विवाह रोकथाम के शिविर
राजसमंद / पुष्पा सोनी
राजसमंद। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, राजसमंद एवं तालुका विधिक सेवा समिति, भीम के तत्वावधान में NALSA की ASHA (Awareness, Support, Help and Action) SOP, 2025 के अंतर्गत बाल विवाह की रोकथाम, बालिका सशक्तिकरण एवं विधिक जागरूकता को लेकर व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान दिनांक 24 जनवरी 2026 को क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
इस अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, थानेटा, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, जेलवा, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, नंदावत, धर्मेशपुरी, ब्यावर रोड, देव नारायण कॉलोनी, उदयपुर रोड एवं ट्रक चौराहा सहित कुल 8 स्थानों पर विधिक जागरूकता शिविर लगाए गए। कार्यक्रमों का संचालन पैरालीगल वॉलंटियर पुष्पा सोनी द्वारा किया गया।
शिविरों के दौरान विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं आमजन को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006, बाल विवाह के दुष्परिणाम, बालिकाओं के शिक्षा एवं स्वास्थ्य अधिकार, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान, सुकन्या समृद्धि योजना, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, लोक अदालत, हेल्पलाइन नंबर तथा निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, थानेटा में आयोजित शिविर में 165 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। वहीं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, जेलवा में 130 से अधिक छात्र-छात्राओं को बाल विवाह की रोकथाम में समुदाय एवं अभिभावकों की भूमिका से अवगत कराया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, नंदावत में 45 छात्राओं को बालिका सशक्तिकरण, शिक्षा में निरंतरता एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त धर्मेशपुरी एवं ब्यावर रोड पर आयोजित शिविरों में 20 से अधिक आमजन को बाल विवाह की सूचना देने की प्रक्रिया, बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण अधिकारों तथा विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका के बारे में बताया गया। वहीं देव नारायण कॉलोनी, उदयपुर रोड एवं ट्रक चौराहा पर आयोजित कार्यक्रमों में आमजन को बालिका कल्याण योजनाओं, बाल विवाह के कानूनी परिणाम, बालिका संरक्षण कानून, लोक अदालत एवं निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
सभी शिविरों के माध्यम से 480 से अधिक लाभार्थियों को विधिक जागरूकता प्रदान की गई एवं पैंफलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बाल विवाह जैसी कुप्रथा के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाना तथा बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं न्याय तक पहुंच के प्रति सशक्त बनाना रहा।
यह अभियान NALSA की ASHA SOP, 2025 के अनुरूप निवारक, सहभागी एवं समुदाय आधारित दृष्टिकोण का उत्कृष्ट उदाहरण रहा, जिसकी स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।