*राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस समारोह*
By Goapl Gupta ·
26 Jan 2026 ·
6 views
*राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस समारोह*
*गणतंत्र दिवस देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक : प्रो. निमित चौधरी, कुलगुरु*
कोटा, 26 जनवरी 2026। राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर निमित चौधरी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र–छात्राओं को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत नृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और समर्पण का संदेश दिया।
कुलगुरु प्रो. चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि 26 जनवरी का दिन हमारे गणतंत्र का महापर्व है, जो हमें संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है। गणतंत्र दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता का प्रतीक है। यह दिन हमें संविधान निर्माताओं के त्याग, संघर्ष और दूरदृष्टि को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है, जिन्होंने हमें समानता, न्याय और अधिकारों से युक्त एक सशक्त संविधान दिया। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसे सशक्त बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता पर निरंतर कार्य करना आवश्यक है। हम सभी के अपने–अपने क्षेत्र में किए गए सतत, समर्पित एवं निष्ठापूर्ण प्रयास ही वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के राष्ट्रीय संकल्प में हमारा महत्वपूर्ण योगदान सिद्ध होंगे। विविधताओं में एकता ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है, जिसे हमें और अधिक सुदृढ़ बनाना होगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय में 25 वर्ष एवं 35 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, साथ ही एनसीसी, एनएसएस एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी उनके उल्लेखनीय योगदान हेतु सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ हुआ। राष्ट्रीय पर्व के पावन अवसर पर कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। समारोह में एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, प्रशासनिक अधिकारी, शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएं उपस्थित रहे।