उदयपुर के सहायक अग्निशमन अधिकारी नवदीप सिंह बग्गा ने जीता गोल्ड।
By Goapl Gupta ·
31 Jan 2026 ·
17 views
राजस्थान का लगातार दूसरे दिन भी रहा जलवा।
उदयपुर के सहायक अग्निशमन अधिकारी नवदीप सिंह बग्गा ने जीता गोल्ड।
डायरेक्टर जनरल ऑफ फायर सर्विस एवं होम गार्ड सुनील कुमार झा ने किया अवलोकन, विजेताओं को दिए मेडल।
आज नगर निगम सभागार में होगा समापन समारोह।
उदयपुर। 1st ऑल इंडिया फायर सर्विस स्पोर्ट्स एंड मीट–2026 में राजस्थान की शानदार परफॉर्मेंस का सिलसिला लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में प्रदेश के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। इसी कड़ी में उदयपुर नगर निगम के सहायक अग्निशमन अधिकारी नवदीप सिंह बग्गा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बैडमिंटन मिक्स डबल में गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जिससे स्थानीय प्रतिभा का राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि खेलगांव में आयोजित प्रतियोगिताओं में देशभर से आए अग्निशमन कार्मिकों ने शारीरिक क्षमता, साहस, तकनीक और अनुशासन का अद्भुत प्रदर्शन किया। राजस्थान टीम ने कठिन प्रतिस्पर्धाओं में निरंतरता बनाए रखते हुए अन्य राज्यों को कड़ी चुनौती दी और दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। प्रतियोगिताओं के दौरान डायरेक्टर जनरल ऑफ फायर सर्विस एवं होम गार्ड, भारत सरकार सुनील कुमार झा ने आयोजन स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न इवेंट्स को नजदीक से देखा और खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर झा ने विजेताओं को मेडल प्रदान किए तथा प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं अग्निशमन कार्मिकों की फिटनेस, तत्परता और टीमवर्क को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, जो वास्तविक आपदा प्रबंधन में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होती हैं।
राजस्थान के खिलाड़ियों में हर्ष की लहर।
। मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि गोल्ड मेडल जीतने वाले सहायक अग्निशमन अधिकारी नवदीप सिंह बग्गा की सफलता पर राजस्थान फायर सर्विस एवं नगर निगम उदयपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त किया। अधिकारियों ने बताया कि बग्गा की यह उपलब्धि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उनकी इस जीत से अन्य कार्मिकों को भी प्रेरणा मिलेगी।
प्रतियोगिताओं के दौरान खेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का तालियों और जयकारों से उत्साहवर्धन किया। अनुभवी से लेकर युवा अग्निशमन कार्मिकों तक ने अपनी फुर्ती, ताकत और कौशल का परिचय दिया। खास बात यह रही कि 55 वर्ष से अधिक आयु के अग्निशमन कार्मिकों ने भी चीते जैसी फुर्ती दिखाकर सबको चौंका दिया।
आज नगर निगम सुखाडिया रंगमंच सभागार में होगा समापन समारोह।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता का समापन समारोह आज नगर निगम सुखाडिया रंगमंच सभागार में आयोजित होगा। समारोह में विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों और खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। समापन अवसर पर जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि 26 जनवरी से प्रारंभ हुई इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता ने उदयपुर को खेल और साहसिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में नई पहचान दी है। सफल आयोजन के लिए ऑल इंडिया फायर सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड, राजस्थान फायर सर्विस एवं नगर निगम उदयपुर की भूमिका सराहनीय रही। लगातार दूसरे दिन राजस्थान के शानदार प्रदर्शन ने यह सिद्ध कर दिया कि प्रदेश के अग्निशमन कार्मिक राष्ट्रीय मंच पर किसी से कम नहीं हैं।