उदयपुर सिटी-असारवा (अहमदाबाद)-उदयपुर सिटी वन्दे भारत ट्रेन का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ*
By Goapl Gupta ·
16 Feb 2026 ·
8 views
*उदयपुर सिटी-असारवा (अहमदाबाद)-उदयपुर सिटी वन्दे भारत ट्रेन का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ*
यात्रियों की सुविधा के लिए उदयपुर सिटी-असारवा (अहमदाबाद) वन्दे भारत ट्रेन का शुभारंभ उदयपुर स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर किया गया|
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार उदयपुर सिटी स्टेशन पर इस नई वंदे भारत रेलसेवा का शुभारंभ माननीय सांसद उदयपुर डॉ मन्नालाल रावत तथा माननीय सांसद चित्तौड़गढ़ श्री सीपी जोशी की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया ।
इस अवसर पर बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई और आमजन में नई वंदे भारत रेल सेवा के शुभारंभ का उत्साह नजर आया।
उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा का डूंगरपुर स्टेशन पर भी आमजन द्वारा उत्साह पूर्वक स्वागत किया गया ।डूंगरपुर स्टेशन पर माननीय सांसद उदयपुर डॉ मन्नालाल रावत तथा माननीय सांसद डूंगरपुर श्री राजकुमार रौत की गरिमामयी उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अजमेर, श्री राजू भूतड़ा सहित अधिकारी गण एवं नागरिक उपस्थित रहे।
यह ट्रेन 8 अत्याधुनिक कोचों से लैस है, जिसमें यात्रियों को ऑटोमैटिक स्लाइडिंग डोर, आरामदायक रिक्लाइनिंग सीटें, सीसीटीवी निगरानी, चार्जिंग प्वाइंट्स और कैटरिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
यह नई रेलसेवा नियमित गाडी संख्या 26963/26964, उदयपुर सिटी-अहमदाबाद (असारवा)- उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में 06 दिन (मंगलवार को छोडकर) के रूप में दिनांक 18.02.26 से संचालित होगी।गाडी संख्या 26963, उदयपुर सिटी-अहमदाबाद (असारवा) वंदे भारत एक्सप्रेस रेलसेवा सप्ताह में 06 दिन (मंगलवार को छोड़कर) दिनांक 18.02.26 से उदयपुर सिटी से 06.10 बजे रवाना होकर 10.25 बजे असारवा पहुॅचेगी। इसी प्रकार गाडी संख्या 26964, अहमदाबाद (असारवा) -उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस रेलसेवा सप्ताह में 06 दिन (मंगलवार को छोड़कर) दिनांक 18.02.26 से असारवा से 17.45 बजे रवाना होकर 22.00 बजे उदयपुर सिटी पहुॅचेगी। यह रेलसेवा मार्ग में जावर, डूंगरपुर व हिम्मतनगर स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस नियमित रेलसेवा में 07 वातानुकुलित कुर्सीयान व 01 एक्जिक्यूूटिव वातानुकुलित कुर्सीयान श्रेणी के डिब्बें होगें।