कलश यात्रा के साथ उदयपुरिया गांव में श्रीमद भागवत कथा का शुभारंभ
By Goapl Gupta ·
11 Feb 2026 ·
16 views
कलश यात्रा के साथ उदयपुरिया गांव में श्रीमद भागवत कथा का शुभारंभ
551 महिला जोड़ों की सहभागिता गांव बना भक्तिरस से सराबोर
मानव देह ही धर्म साधना का प्रथम साधन — पं. रामपाल शर्मा शास्त्री
चौमू . ग्राम पंचायत उदयपुरिया स्थित परशुराम बाबा मंदिर परिसर में सुमित्रा देवी–रामस्वरूप नरेडा परिवार के तत्वाधान में आयोजित श्रीमदभागवत कथा का शुभारम्भ ग्राम चिमनपुरा स्थित तेजाजी महाराज मंदिर से निकली कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में 551 महिला जोड़ों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सर्वसमाज की महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए बैंड-बाजों के साथ भक्तिभाव से यात्रा में सहभागिता निभाई। कलश यात्रा में दो सुसज्जित रथ शामिल रहे। एक रथ में परशुराम मंदिर के महन्त नृसिंहपुरी महाराज एवं भगवानपुरी महाराज विराजमान रहे, जबकि दुसरे रथ में कथावाचक सेवानिवृत्त आईएएस पं. रामपाल शर्मा शास्त्री जैसलान सवार रहे। यात्रा में राधा-कृष्ण, शंकर भगवान गणेश जी महाराज तथा श्रीराम-सीता की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा मार्ग में पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
कलश यात्रा ग्राम चिमनपुरा के तेजाजी महाराज के मंदिर से प्रारम्भ होकर विभिन्न मोहल्लों एवं मुख्य बाजार से होती हुई परशुराम बाबा मंदिर परिसर पहुंचकर विसर्जित हुई। इस अवसर पर एडिशनल एसपी हिमांशु शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी अर्चना शर्मा ने भागवत पोथी को शिरोधार्य कर कलश यात्रा का नेतृत्व किया। पूरे गांव में भगवा ध्वज लगाए गए तथा मंदिर परिसर को फूल-बंगले और विशेष सजावट से सुसज्जित किया गया।
कथा के शुभारम्भ अवसर पर पं. रामपाल शर्मा शास्त्री ने कहा कि मानव देह देवदुर्लभ है और यही धर्म साधना का प्रथम साधन है, जिसमें आत्मा का निवास होता है। सत्कर्म, आत्मज्ञान और ईश्वर भक्ति से ही जीवन सार्थक बनता है तथा जन्म-मरण के बंधन से मुक्ति संभव है। उन्होंने आत्मदेव–धुंधुकारी प्रसंग सहित सूत–शौनकादि संवाद, नारद–वेदव्यास प्रसंग, भीष्म स्तुति और अश्वत्थामा प्रसंग के माध्यम से कर्मफल सिद्धांत, राजधर्म और सामाजिक कर्तव्यों का सरल शब्दों में विवेचन किया। कथा के दौरान संगीतमय प्रस्तुतियों और सजीव झांकियों से परीक्षित जन्म व कलियुग दमन जैसे प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया।
कार्यक्रम में राजस्थान पुलिस के सीआई राम सिंह नाथावत सरपंच मुकेश मीणा पूर्व सरपंच गीता सुभाष डागर पूर्व उपसरपंच शंकर सिंह श्याम शर्मा राजेंद्र शर्मा रामस्वरूप नरेडा लोकेश दलाका शिंभू यादव कैलाश कुमावत कजोड़ डागर सहित अनेक लोग उपस्थित थे